वियतनाम की इलेक्ट्रिक वाहन निर्माता कंपनी विनफ़ास्ट भारत में अपने विस्तार की दिशा में तेज़ी से आगे बढ़ रही है। कंपनी के vf6 और vf7 दोनों इलेक्ट्रिक SUV मॉडल अब तमिलनाडु के थूथुकुडी स्थित प्लांट में असेंबल किए जा रहे हैं। यह प्लांट विनफास्ट के लिए भारत में एक बड़ी रणनीतिक उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है, क्योंकि यहीं से कंपनी भारत में अपने वाहनों की लोकल प्रोडक्शन शुरू कर रही है। लोकल असेंबली से कंपनी को न केवल उत्पादन लागत कम करने में मदद मिलेगी, बल्कि भारतीय ग्राहकों के लिए वाहनों को प्रतिस्पर्धी कीमतों पर उपलब्ध कराना भी आसान होगा।
थूथुकुडी प्लांट को विनफास्ट ने अपने एशियाई निर्यात हब के रूप में विकसित करने की योजना बनाई है। यहां तैयार किए जा रहे VF6 और VF7 मॉडल न केवल भारत में बेचे जाएंगे, बल्कि इन्हें दक्षिण एशिया और उप महाद्वीप के अन्य देशों जैसे नेपाल, बांग्लादेश, श्रीलंका और मालदीव तक निर्यात किए जाने की भी संभावना है। कंपनी का उद्देश्य इस हब के माध्यम से पूरे क्षेत्र में अपने इलेक्ट्रिक वाहनों की आपूर्ति श्रृंखला को मजबूत बनाना है।
VF6 और VF7 दोनों ही मॉडल मिड – साइज़ इलेक्ट्रिक एसयूवी हैं, जिनमें आधुनिक डिजाइन, एडवांस्ड बैटरी टेक्नोलॉजी और स्मार्ट फीचर्स दिए गए हैं। ये वाहन भारतीय बाजार में मौजूदा इलेक्ट्रिक SUV जैसे टाटा नेक्सन EV, महिंद्रा XUV400 और MG ZS EV को कड़ी टक्कर दे सकते हैं। विशेषज्ञों के अनुसार, विनफास्ट का यह कदम भारत को अपने वैश्विक इलेक्ट्रिक वाहन उत्पादन नेटवर्क में एक प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित कर सकता है और देश में ईवी मेन्यूफैक्चरिंग एकोसिस्टम को भी नई दिशा दे सकता है।