उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में मेट्रो नेटवर्क के बड़े विस्तार की तैयारी शुरू हो गई है। उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (UPMRC) ने 10 नए मेट्रो कॉरिडोर का खाका तैयार किया है, जिसके तहत मेट्रो सेवा को लखनऊ के साथ-साथ आसपास के जिलों बाराबंकी, उन्नाव, अयोध्या और मोहनलालगंज तक पहुंचाने की योजना बनाई गई है।
करीब 30 हजार करोड़ रुपये की लागत वाले इस महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट के तहत 150 से 170 किलोमीटर लंबा नया मेट्रो नेटवर्क विकसित किया जाएगा। इसमें लगभग 150 किलोमीटर एलिवेटेड और 20 किलोमीटर भूमिगत ट्रैक शामिल होंगे। परियोजना को अगले 10 वर्षों में चरणबद्ध तरीके से पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
सबसे महत्वपूर्ण परियोजनाओं में चारबाग से वसंत कुंज तक का ईस्ट-वेस्ट कॉरिडोर शामिल है, जो पुराने लखनऊ के भीड़भाड़ वाले इलाकों जैसे अमीनाबाद और चौक को बेहतर कनेक्टिविटी देगा। इसके अलावा राजाजीपुरम-आईआईएम, एयरपोर्ट-कल्ली वेस्ट, इंदिरा नगर-सीजी सिटी और सीजी सिटी-एसजीपीजीआई जैसे नए रूट भी प्रस्तावित किए गए हैं।
वसंत कुंज से कल्ली पश्चिम तक 34.8 किलोमीटर लंबा कॉरिडोर पूरे विस्तार योजना का सबसे बड़ा रूट होगा। इसके अलावा शहर के पश्चिमी हिस्से में ट्रैफिक दबाव कम करने के लिए राजाजीपुरम-मूसाबाग और वसंत कुंज-आईआईएम इंटर-कनेक्टिंग लूप भी विकसित किए जाएंगे।
सभी नए मेट्रो स्टेशनों पर ई-साइकिल, ई-बाइक और मल्टीलेवल पार्किंग जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। मुख्यमंत्री कार्यालय और मुख्य सचिव स्तर पर सैद्धांतिक मंजूरी मिलने के बाद अब डीपीआर और फंडिंग मॉडल पर काम तेज कर दिया गया है।