जन्माष्टमी और आगामी गणेशोत्सव को देखते हुए महाराष्ट्र के नागपुर और पनवेल में प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। दोनों जगहों पर DJ, डॉल्बी साउंड सिस्टम और लेजर लाइट के इस्तेमाल पर पाबंदी लगाई गई है। अधिकारियों ने यह कदम ध्वनि प्रदूषण को नियंत्रित करने और लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उठाया है।
नागपुर में DJ और डॉल्बी साउंड सिस्टम पर रोक
नागपुर पुलिस के आदेश के मुताबिक, 3 सितंबर की आधी रात से 1 नवंबर की आधी रात तक DJ, डॉल्बी साउंड सिस्टम, बीम लाइट और लेजर लाइट के इस्तेमाल पर रोक रहेगी।
पुलिस के मुताबिक, तेज आवाज वाले DJ और म्यूजिक से लोगों को परेशानी के साथ स्वास्थ्य संबंधी दिक्कतें भी हो सकती हैं। इसका असर खास तौर पर बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों पर पड़ सकता है।
लेजर और बीम लाइट से भी खतरा
अधिकारियों ने तेज रोशनी और लेजर लाइट को लेकर भी चेतावनी दी है। उनका कहना है कि ऐसी रोशनी से सड़क पर वाहन चलाने वालों की दृष्टि और वाहन पर नियंत्रण प्रभावित हो सकता है। इससे दुर्घटना का खतरा बढ़ सकता है। वहीं, तेज लेजर लाइट से आंखों को नुकसान पहुंचने की आशंका भी जताई गई है।
पनवेल में भी लागू की गई पाबंदी
पनवेल में भी त्योहारों के दौरान DJ, डॉल्बी साउंड सिस्टम और लेजर लाइट के इस्तेमाल पर रोक लगाने के निर्देश दिए गए हैं। गणेशोत्सव मंडलों के पदाधिकारियों के साथ हुई बैठक में पुलिस ने आयोजकों को नियमों का पालन करने के निर्देश दिए।
पुलिस ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि पाबंदियों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
गणेशोत्सव में श्रद्धालुओं की व्यवस्था के निर्देश
गणेशोत्सव आयोजकों को दर्शन के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पुरुष और महिला श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग कतारें रखने के भी निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों का उद्देश्य त्योहारों के दौरान सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखना है।