पंजाब की SIR ड्राफ्ट वोटर लिस्ट से एक और बड़े नेता का नाम गायब होने का दावा सामने आया है। आम आदमी पार्टी के पूर्व नेता और पटियाला से दो बार सांसद रह चुके डॉ. धर्मवीर गांधी ने दावा किया है कि उनका और उनके परिवार के सदस्यों का नाम ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में नहीं है।
डॉ. गांधी के मुताबिक, वह साल 2000 से इसी पते पर रह रहे हैं। उन्होंने इसी पते से तीन लोकसभा चुनाव लड़े, जिनमें दो बार जीत हासिल की। उनका कहना है कि उनके सभी सरकारी रिकॉर्ड में भी यही स्थायी पता दर्ज है।
आपत्ति पहले ही दर्ज करवा चुके हैं
डॉ. धर्मवीर गांधी ने बताया कि उन्होंने फाइनल वोटर लिस्ट में अपना और परिवार के सदस्यों का नाम शामिल कराने के लिए पहले ही आपत्ति दर्ज करवा दी है। इसके साथ ही जरूरी दस्तावेज भी संबंधित अधिकारियों के पास जमा करा दिए गए हैं।
2003 की वोटर लिस्ट की जानकारी से दस्तावेजों में अंतर
जानकारी के मुताबिक, SIR से जुड़े अधिकारियों ने डॉ. गांधी को बताया कि 2003 की वोटर लिस्ट में दर्ज जानकारी और पंजाब वोटर लिस्ट में सुधार के लिए उनके द्वारा जमा किए गए दस्तावेजों में कुछ अंतर है। इसी वजह से उनके नाम को लेकर आपत्ति सामने आई है।
AAP से कांग्रेस तक का राजनीतिक सफर
डॉ. धर्मवीर गांधी पटियाला की राजनीति में जाना-पहचाना नाम हैं। वह पटियाला लोकसभा सीट से दो बार सांसद रह चुके हैं। उन्होंने अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत आम आदमी पार्टी के साथ की थी, लेकिन बाद में कांग्रेस में शामिल हो गए।
राघव चड्ढा ने भी लगाया था नाम हटने का आरोप
इससे पहले राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने भी पंजाब की ड्राफ्ट वोटर लिस्ट से अपना नाम गायब होने की जानकारी दी थी। चड्ढा ने इसे राजनीतिक बदले से जोड़ते हुए आरोप लगाया था कि पंजाब से मौजूदा राज्यसभा सांसद होने और मोहाली में उनका वोटर ID रजिस्टर्ड होने के बावजूद ड्राफ्ट लिस्ट में उनका नाम ‘शिफ्टेड’ के तौर पर दिखाया गया है।