ओडिशा में शिक्षक बनने की तैयारी कर रहे हजारों अभ्यर्थियों के लिए महत्वपूर्ण खबर सामने आई है। बोर्ड ऑफ सेकेंडरी एजुकेशन (BSE), ओडिशा ने ओडिशा शिक्षक पात्रता परीक्षा (OTET) 2026 को स्थगित करने का फैसला लिया है। अब यह परीक्षा 5 जुलाई 2026 को आयोजित की जाएगी। परीक्षा दो अलग-अलग शिफ्टों में संपन्न होगी।
दरअसल, ओडिशा सब-ऑर्डिनेट स्टाफ सेलेक्शन कमीशन (OSSSC) की भर्ती परीक्षा और OTET 2026 की तारीख एक ही दिन पड़ रही थी। इससे बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। उम्मीदवार लगातार परीक्षा की तारीख बदलने की मांग कर रहे थे। छात्रों की मांग और हितों को ध्यान में रखते हुए बोर्ड ने परीक्षा को स्थगित करने का निर्णय लिया।
नई परीक्षा तिथि के अनुसार, पेपर-1 सुबह 9:00 बजे से 11:30 बजे तक आयोजित किया जाएगा, जबकि पेपर-2 दोपहर 2:00 बजे से शाम 4:30 बजे तक होगा।
OTET परीक्षा दो स्तरों पर आयोजित की जाती है। पेपर-1 उन अभ्यर्थियों के लिए होता है जो कक्षा 1 से 5 तक के शिक्षक बनना चाहते हैं। वहीं, पेपर-2 कक्षा 6 से 8 तक के शिक्षकों की पात्रता निर्धारित करने के लिए आयोजित किया जाता है।
परीक्षा पैटर्न की बात करें तो OTET 2026 में कुल 150 बहुविकल्पीय प्रश्न (MCQs) पूछे जाएंगे। प्रत्येक प्रश्न एक अंक का होगा और कुल परीक्षा 150 अंकों की होगी। सबसे बड़ी राहत की बात यह है कि परीक्षा में किसी भी प्रकार की नेगेटिव मार्किंग नहीं होगी, यानी गलत उत्तर देने पर अंक नहीं काटे जाएंगे।
पात्रता मानदंड के अनुसार सामान्य वर्ग के उम्मीदवारों को परीक्षा पास करने के लिए कम से कम 60 प्रतिशत अंक यानी 90 अंक प्राप्त करना अनिवार्य होगा। वहीं अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग और दिव्यांग श्रेणी के अभ्यर्थियों के लिए न्यूनतम 55 प्रतिशत यानी 82 अंक निर्धारित किए गए हैं।
बोर्ड ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे परीक्षा से जुड़ी सभी ताजा जानकारी और अपडेट के लिए आधिकारिक वेबसाइट पर नजर बनाए रखें। परीक्षा की नई तारीख घोषित होने के बाद उम्मीदवारों को तैयारी के लिए अतिरिक्त समय भी मिल गया है, जिससे वे बेहतर प्रदर्शन कर सकेंगे।