IIT दिल्ली से सिविल इंजीनियरिंग की पढ़ाई करने वाली नीतू यादव और कीर्ति जांगड़ा ने अपनी सोच और नवाचार के दम पर 565 करोड़ रुपये की वैल्यूएशन वाला स्टार्टअप खड़ा कर दिया है। दोनों की मुलाकात IIT दिल्ली में पढ़ाई के दौरान हुई थी, जहां से उन्होंने उद्यमिता की राह चुनी और 2019 में Animall नाम का स्टार्टअप शुरू किया।
इस स्टार्टअप का उद्देश्य डेयरी किसानों की सबसे बड़ी समस्या—मवेशियों की खरीद और बिक्री—को आसान बनाना है। दोनों ने महसूस किया कि किसानों को अक्सर स्थानीय बिचौलियों पर निर्भर रहना पड़ता है, जिससे उन्हें सही कीमत और बेहतर विकल्प नहीं मिल पाते। इसी समस्या का समाधान करने के लिए उन्होंने एक ऑनलाइन मार्केटप्लेस तैयार किया, जहां किसान अपने मवेशियों को सूचीबद्ध कर सकते हैं और खरीदार सीधे उनसे संपर्क कर सकते हैं।
Animall केवल खरीद-बिक्री तक सीमित नहीं है। प्लेटफॉर्म के जरिए पशुओं की हेल्थकेयर, आर्टिफिशियल इन्सेमिनेशन और अन्य डेयरी सेवाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं। इससे किसानों को एक ही जगह पर कई जरूरी सुविधाएं मिल रही हैं।
2019 में एक छोटे से वीकेंड प्रोजेक्ट के रूप में शुरू हुआ यह स्टार्टअप आज देशभर के ग्रामीण इलाकों तक अपनी पहुंच बना चुका है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, प्लेटफॉर्म पर 1.8 लाख से अधिक मवेशी बिक्री के लिए सूचीबद्ध हैं। किसानों के बीच इसकी लोकप्रियता लगातार बढ़ रही है और यह भारतीय डेयरी सेक्टर में डिजिटल बदलाव का बड़ा उदाहरण बनकर उभरा है।