भारतीय जैवलिन थ्रो में एक और युवा सितारे ने अपनी पहचान बनाई है। मध्य प्रदेश के 17 वर्षीय कृष्ण चंद्र ने 21वीं नेशनल यूथ एथलेटिक्स चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल जीता। उन्होंने 79.92 मीटर का थ्रो कर मीट रिकॉर्ड तोड़ दिया और नया U-18 भारतीय रिकॉर्ड अपने नाम किया।
79.92 मीटर के थ्रो से रचा इतिहास
कृष्ण चंद्र ने प्रतियोगिता में अपना अब तक का सर्वश्रेष्ठ 79.92 मीटर का थ्रो किया। यह 700 ग्राम के नए जैवलिन के साथ भारतीय U-18 कैटेगरी का नया रिकॉर्ड है। इस प्रदर्शन के साथ वह दुनिया में दूसरे नंबर पर पहुंच गए हैं।
इस सीजन भारत में U-18 कैटेगरी के टॉप-5 थ्रो में से चार कृष्ण चंद्र के नाम हैं। वह इस सीजन में 70 मीटर का आंकड़ा पार करने वाले एकमात्र भारतीय U-18 एथलीट भी हैं।
रोहित यादव का 8 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ा
भोपाल में ट्रेनिंग करने वाले कृष्ण चंद्र ने रोहित यादव के 2018 में बनाए 77.41 मीटर के रिकॉर्ड को 2 मीटर से ज्यादा के अंतर से पीछे छोड़ दिया। उनका रिकॉर्डतोड़ प्रदर्शन लुधियाना के मुख्य एथलेटिक्स स्टेडियम में हुआ, जहां एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया द्वारा आयोजित प्रतियोगिता में देशभर के युवा एथलीटों ने हिस्सा लिया।
79.92 मीटर का यह थ्रो कृष्ण चंद्र को गोल्ड दिलाने के साथ-साथ चैंपियनशिप के रिकॉर्ड बुक में भी दर्ज करा गया।
कोच मोहम्मद हदीश की देखरेख में ट्रेनिंग
कृष्ण चंद्र मध्य प्रदेश की DSWY एकेडमी में कोच मो. हदीश की देखरेख में ट्रेनिंग करते हैं। महज 17 साल की उम्र में उनका यह प्रदर्शन भारतीय जैवलिन थ्रो के लिए उम्मीद की नई किरण माना जा रहा है।
मध्य प्रदेश के अन्य खिलाड़ियों ने भी जीते मेडल
इस चैंपियनशिप में मध्य प्रदेश के अन्य खिलाड़ियों ने भी शानदार प्रदर्शन किया। नगर सिंह कनेश ने हेप्टाथलॉन में 4,812 पॉइंट्स के साथ गोल्ड मेडल जीता।
वहीं लड़कों की 1000 मीटर दौड़ में रंगलाल डोडिया ने 2:26.83 के समय के साथ ब्रॉन्ज मेडल हासिल किया। इस स्पर्धा में राजस्थान के साहिल ने 2:25.25 के समय के साथ नया मीट रिकॉर्ड बनाकर गोल्ड जीता।