दूरदर्शन के लोकप्रिय धारावाहिक Ramayan में लक्ष्मण का किरदार निभाकर घर-घर में पहचान बनाने वाले Sunil Lahri इन दिनों अपनी खेतीबाड़ी को लेकर चर्चा में हैं। 65 वर्ष की उम्र में सुनील लहरी ऑर्गेनिक खेती कर रहे हैं और अपने फार्महाउस में तरह-तरह की सब्जियां, फल और काजू उगा रहे हैं।
हाल ही में इंस्टाग्राम पर साझा किए गए एक वीडियो में सुनील लहरी ने अपने फार्महाउस की झलक दिखाई। वीडियो में वह खेतों का निरीक्षण करते और फसलों के बारे में जानकारी देते नजर आए। उन्होंने बताया कि उनके खेत में पालक, मेथी, टमाटर, हरी मिर्च, फूल गोभी, पत्ता गोभी और शिमला मिर्च जैसी सब्जियां उगाई जा रही हैं।
इसके अलावा फार्महाउस में तरबूज, केला, पपीता और काजू जैसे फलों की भी खेती की जा रही है। सुनील लहरी ने दावा किया कि उनके खेत में उगाई गई सभी फसलें पूरी तरह ऑर्गेनिक हैं और यही वजह है कि उन्हें खेती करना बेहद पसंद है।
वीडियो में अभिनेता खेतों में काम करते हुए भी दिखाई दिए। वह मोरिंगा तोड़ते नजर आए और अपनी खेती को लेकर उत्साह से बातें करते दिखे। सोशल मीडिया पर उनका यह सादा और प्रकृति से जुड़ा अंदाज लोगों को काफी पसंद आ रहा है।
फैंस ने वीडियो पर कमेंट करते हुए उनकी सादगी और मेहनत की सराहना की है। कई लोगों ने कहा कि स्टारडम हासिल करने के बाद भी उनका जमीन से जुड़ा रहना प्रेरणादायक है।
गौरतलब है कि सुनील लहरी लंबे समय से अभिनय की दुनिया से दूर हैं, लेकिन सोशल मीडिया के जरिए अपने प्रशंसकों से जुड़े रहते हैं। वह अक्सर अपने परिवार, फार्महाउस और रोजमर्रा की जिंदगी की झलक साझा करते रहते हैं।