TCL ने अपनी P80 सीरीज में दो नए स्मार्टफोन TCL P80 और TCL P80 Pro लॉन्च किए हैं। दोनों फोन में 120Hz डिस्प्ले और 50MP मेन कैमरा जैसे फीचर्स दिए गए हैं। वहीं P80 Pro में कंपनी की खास NxtPaper टेक्नोलॉजी मिलती है, जो स्क्रीन को आंखों के लिए ज्यादा आरामदायक बनाने के साथ रीडिंग एक्सपीरियंस को बेहतर करती है।
TCL P80 और P80 Pro की कीमत
TCL P80 के 8GB RAM और 128GB स्टोरेज मॉडल की कीमत €349 (लगभग ₹38,500) रखी गई है। इसका 256GB स्टोरेज वेरिएंट €379 (लगभग ₹41,500) में आता है। फोन को Midnight Blue और Sunlight Gold कलर में पेश किया गया है।
वहीं TCL P80 Pro के 8GB RAM और 256GB स्टोरेज वेरिएंट की कीमत €429 (लगभग ₹47,000) है। इसका 512GB स्टोरेज मॉडल €499 (लगभग ₹55,000) में उपलब्ध है। इसे भी Midnight Blue और Sunlight Gold कलर में लॉन्च किया गया है।
TCL P80 के फीचर्स और स्पेसिफिकेशन
TCL P80 में 6.83 इंच का डिस्प्ले मिलता है, जिसका रिजॉल्यूशन 2772×1280 पिक्सल है। इसमें 120Hz रिफ्रेश रेट, 3200 निट्स पीक ब्राइटनेस और 2560Hz टच रिस्पॉन्स रेट दिया गया है। हालांकि, इस मॉडल में NxtPaper टेक्नोलॉजी नहीं मिलती है।
परफॉर्मेंस के लिए फोन में MediaTek Dimensity 7300 Elite चिपसेट दिया गया है। इसके साथ 8GB RAM और 256GB तक स्टोरेज मिलती है।
कैमरा सेटअप में 50MP मेन कैमरा दिया गया है, जिसमें OIS और EIS सपोर्ट मिलता है। इसके अलावा अल्ट्रावाइड और टेलीफोटो लेंस भी मौजूद हैं। फोन में 5000mAh बैटरी के साथ 45W फास्ट चार्जिंग सपोर्ट दिया गया है।
फोन को धूल और पानी से सुरक्षा के लिए IP68 रेटिंग मिली है। ऑडियो के लिए DTS सपोर्ट वाले स्टीरियो स्पीकर्स दिए गए हैं।
TCL P80 Pro में NxtPaper टेक्नोलॉजी
TCL P80 Pro में भी 6.83 इंच का 120Hz डिस्प्ले दिया गया है। इसकी खासियत कंपनी की NxtPaper टेक्नोलॉजी है। यह स्क्रीन को ई-रीडर जैसा अनुभव देने में मदद करती है, जिससे लंबे समय तक पढ़ने में सुविधा मिल सकती है।
डिस्प्ले में एंटी-ग्लेयर फीचर भी दिया गया है, जिससे सनग्लासेस पहनने के दौरान भी स्क्रीन को देखने में आसानी हो सकती है। कंपनी के अनुसार, यह टेक्नोलॉजी ब्लू लाइट को भी काफी हद तक कम करती है। स्क्रीन की पीक ब्राइटनेस 3200 निट्स है।
50MP कैमरा और 7 साल के सिक्योरिटी अपडेट
TCL P80 Pro में MediaTek Dimensity 7400 Elite चिपसेट दिया गया है। फोन में 50MP का मेन कैमरा और 8MP अल्ट्रावाइड कैमरा मिलता है। इस मॉडल में टेलीफोटो कैमरा नहीं दिया गया है।
सॉफ्टवेयर के मामले में कंपनी 3 साल तक OS अपग्रेड और 7 साल तक सिक्योरिटी अपडेट देने का वादा कर रही है।