21 साल की भारतीय पावरलिफ्टर कीया बनर्जी ने अपनी ताकत से सबको हैरान कर दिया है। दक्षिण अफ्रीका के सन सिटी में आयोजित 2026 IPF वर्ल्ड सब-जूनियर और जूनियर क्लासिक पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप में उन्होंने जूनियर महिला 47 किलोग्राम कैटेगरी के इंडिविजुअल डेडलिफ्ट इवेंट में 140 किलोग्राम वजन उठाकर सिल्वर मेडल अपने नाम किया।
45.7 किलो वजन, 140 किलो का डेडलिफ्ट
कीया बनर्जी का बॉडीवेट सिर्फ 45.70 किलोग्राम था, जबकि उन्होंने डेडलिफ्ट में 140 किलो वजन उठाया। यानी उन्होंने अपने शरीर के वजन से तीन गुना से भी ज्यादा वजन उठाकर शानदार प्रदर्शन किया। इसी लिफ्ट के बाद वह सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो गईं।
कौन हैं कीया कुणाल बनर्जी?
21 साल की कीया भारतीय पावरलिफ्टर हैं और जूनियर महिला 47kg कैटेगरी में हिस्सा लेती हैं। चैंपियनशिप में उन्होंने कुल 280 किलोग्राम वजन उठाया, जिसमें 90kg स्क्वाट, 50kg बेंच प्रेस और 140kg डेडलिफ्ट शामिल रहे।
पूरी 47kg जूनियर कैटेगरी में कीया पांचवें स्थान पर रहीं, लेकिन व्यक्तिगत डेडलिफ्ट इवेंट में उनका प्रदर्शन बेहद शानदार रहा। 140kg डेडलिफ्ट के साथ वह फ्रांस की इनेस हर्बाक्स के बाद दूसरे स्थान पर रहीं। हर्बाक्स ने 165kg वजन उठाया।
140 किलो डेडलिफ्ट के साथ जीता सिल्वर
आयरलैंड की ब्लाथनाइड ओ’डवायर ने भी 140kg का डेडलिफ्ट किया, लेकिन डेडलिफ्ट स्टैंडिंग में कीया उनसे आगे रहीं और सिल्वर मेडल हासिल किया।
यह प्रदर्शन पिछले साल के मुकाबले कीया के प्रदर्शन में बड़े सुधार को भी दिखाता है। 2025 नेशनल चैंपियनशिप में उन्होंने 82.5kg स्क्वाट, 47.5kg बेंच प्रेस और 127.5kg डेडलिफ्ट के साथ कुल 257.5kg वजन उठाया था।
2026 में और मजबूत हुआ प्रदर्शन
2026 नेशनल चैंपियनशिप में कीया ने अपने आंकड़ों को और बेहतर किया। उन्होंने 95kg स्क्वाट, 52.5kg बेंच प्रेस और 140kg डेडलिफ्ट के साथ कुल 287.5kg वजन उठाया।
भारत की मधुरा कर ने भी किया कमाल
इस चैंपियनशिप में भारत के कई खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। जलपाईगुड़ी की युवा पावरलिफ्टर मधुरा कर ने सब-जूनियर महिला 52kg कैटेगरी में चार गोल्ड मेडल जीते।
49.35kg वजन वाली मधुरा ने 107.5kg स्क्वाट, 60kg बेंच प्रेस और 125kg डेडलिफ्ट किया। उनका कुल स्कोर 292.5kg रहा और उन्होंने चारों इवेंट्स में गोल्ड मेडल हासिल किए।
12वीं कक्षा की छात्रा मधुरा पहले ही नेशनल स्तर पर अपनी पहचान बना चुकी हैं। उन्होंने 2024 में नेशनल पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप जीती थी और 2025 में भी अपना खिताब बरकरार रखा। इस साल उन्होंने फरीदाबाद में नेशनल बेंच प्रेस चैंपियनशिप भी जीती।