Raksha Bandhan 2026: रक्षाबंधन का त्योहार इस साल 28 अगस्त 2026 को मनाया जाएगा। इस दिन बहनें अपने भाई की कलाई पर राखी बांधकर उसकी लंबी उम्र, सुख और समृद्धि की कामना करेंगी। ज्योतिषाचार्य पंडित कौशल पांडेय के अनुसार इस बार राखी बांधने के लिए कई शुभ समय उपलब्ध हैं और 28 अगस्त को भद्रा की बाधा नहीं रहेगी।
28 अगस्त को मनाया जाएगा रक्षाबंधन
पूर्णिमा तिथि 27 अगस्त सुबह 9:08 बजे से शुरू होकर 28 अगस्त सुबह 9:48 बजे तक रहेगी। उदया तिथि के अनुसार रक्षाबंधन 28 अगस्त को मनाया जाएगा।
27 अगस्त को भद्रा रात 9:32 बजे तक रहेगी। इसलिए 28 अगस्त को राखी बांधने में भद्रा की बाधा नहीं होगी।
राखी बांधने का शुभ समय
28 अगस्त को सुबह 6:23 बजे से 9:48 बजे तक राखी बांधना शुभ बताया गया है। इसके अलावा दिन में अन्य शुभ मुहूर्त भी रहेंगे।
- अभिजित मुहूर्त: दोपहर 12:04 से 12:53 बजे तक
- शुभ चौघड़िया: दोपहर 12:28 से 2:03 बजे तक
- चर चौघड़िया: शाम 5:13 से 6:48 बजे तक
- राहुकाल: सुबह 10:12 से 12:20 बजे तक
ऐसे करें रक्षाबंधन की पूजा
रक्षाबंधन के दिन सबसे पहले गणेश, विष्णु और इष्टदेव की पूजा करने की बात कही गई है। इसके बाद भाई को पूर्व या उत्तर दिशा की ओर बैठाकर तिलक और अक्षत लगाएं। दाहिनी कलाई पर रक्षा सूत्र बांधकर आरती करें और मिठाई खिलाएं। भाई बहन को उपहार देकर उसकी रक्षा का वचन दे सकता है।
राखी कैसी होनी चाहिए?
ज्योतिषाचार्य के अनुसार रक्षा सूत्र में लाल, पीला और सफेद तीन धागे होना शुभ माना जाता है। राखी में चंदन लगा हो तो इसे भी अच्छा माना गया है। राखी बांधते समय ‘येन बद्धो बलिराजा’ मंत्र का जाप किया जा सकता है।