दक्षिण अमेरिकी देश वेनेजुएला में आए शक्तिशाली भूकंप ने भारी तबाही मचा दी है। बुधवार को कुछ ही मिनटों के अंतराल में आए 7.1 और 7.5 तीव्रता के दो बड़े भूकंपों ने राजधानी कराकास समेत कई शहरों को हिला कर रख दिया। भूकंप के झटके इतने तेज थे कि कई बहुमंजिला इमारतें धराशायी हो गईं, मकानों की छतें टूटकर गिर पड़ीं और सड़कों पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। लोग अपनी जान बचाने के लिए घरों और दफ्तरों से निकलकर खुले स्थानों की ओर भागते दिखाई दिए।
अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) के अनुसार पहला भूकंप कैरिबियन तटीय क्षेत्र में स्थित मोरोन शहर के पास करीब 13 किलोमीटर की गहराई में आया, जबकि कुछ ही मिनट बाद दूसरा और अधिक शक्तिशाली झटका 7.5 तीव्रता के साथ दर्ज किया गया। दोनों भूकंपों के कारण व्यापक स्तर पर नुकसान हुआ है।
राजधानी कराकास में सबसे ज्यादा तबाही देखने को मिली। अल्तामीरा इलाके में स्थित 22 मंजिला एक इमारत पूरी तरह ढह गई। मलबे के बाहर खड़े लोग अपने परिजनों को पुकारते नजर आए, जबकि बचाव दल लगातार राहत कार्य में जुटा हुआ है। कई इलाकों में धूल का विशाल गुबार आसमान में छा गया, जिससे हालात और भयावह दिखाई दिए।
वेनेजुएला के गृह मंत्री दियोसदादो काबेलो ने पुष्टि की है कि कई इमारतें और मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं। हालांकि समाचार लिखे जाने तक किसी आधिकारिक मृतक संख्या की पुष्टि नहीं हुई थी, लेकिन मलबे में लोगों के फंसे होने की आशंका जताई जा रही है। राहत एवं बचाव टीमें युद्धस्तर पर अभियान चला रही हैं और प्रभावित क्षेत्रों में खोजबीन जारी है।
भूकंप के बाद महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों में भारी दहशत देखने को मिली। लोग पूरी रात खुले मैदानों और सड़कों पर बिताने को मजबूर हुए। विशेषज्ञों का कहना है कि यह भूकंप पिछले एक सदी में वेनेजुएला में आए सबसे शक्तिशाली भूकंपों में से एक हो सकता है।