Zohran Mamdani vs Donald Trump: न्यूयॉर्क के नए मेयर जोहरान ममदानी ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की नीतियों को सीधे चुनौती दी है.
न्यूयॉर्क:
न्यूयॉर्क के पहले मुस्लिम और पहले दक्षिण एशियाई मेयर बनते ही भारतीय मूल के जोहरान ममदानी ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को सीधे ललकारा है. उन्होंने कहा कि न्यूयॉर्क हमेशा प्रवासियों का शहर रहेगा. न्यूयॉर्क को उसकी परंपराओं और मूल्यों ने जिताया है. ममदानी ने पंडित नेहरू का जिक्र भी अपने पहले भाषण में किया. ट्रंप ने प्रवासियों के खिलाफ कठोर आव्रजन नीतियों का ऐलान कर उन्हें बाहर निकालने का अभियान छेड़ा था. माना जा रहा है कि प्रवासियों की यही नाराजगी ममदानी के लिए लहर का काम कर गई. वहीं रिपब्लिकन पार्टी की चुनावी हार पर अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा है कि ये चुनाव ट्रंप पर न होना और शटडाउन, दो वजहें, जिस कारण हमें हार मिली है. चुनावी विश्लेषकों का ऐसा कहना है.
प्रवासियों के खिलाफ ट्रंप की नीतियों पर हमला बोलते हुए ममदानी ने कहा, उम्मीदें जिंदा हैं और मेरी जीत इसका उदाहरण है. हमने जुल्मों के खिलाफ वोट किया. हमने निराशा और मायूसी को पछाड़ते हुए वोट किया. यह चुनाव में बड़े पैमाने पर फंडिंग के खिलाफ हमारे छोटे विचारों की जीत है.