मुंबई में 17 बच्चों को बंधक बनाने वाले रोहित आर्य की पुलिस फायरिंग में मौत, जानें पूरा घटनाक्रम

82 0

मुंबई के पवई इलाके में गुरुवार दोपहर हुई एक सनसनीखेज घटना में रोहित आर्य नाम के शख्स ने 17 बच्चों को बंधक बना लिया था। पुलिस ने बच्चों को छुड़ाने के लिए गोली चलाई, जिसमें रोहित को सीने में गोली लगी। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। सभी 17 बच्चों को सात हिल्स अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया है। मामले की जांच मुंबई क्राइम ब्रांच को सौंप दी गई है। मुंबई पुलिस ने स्पष्ट किया, ‘यह बंधक बच्चों को छुड़ाने के लिए पुलिस द्वारा की गई फायरिंग थी। इसलिए इसे मुठभेड़ नहीं कहा जा सकता। पुलिस ने बंधक बच्चों को छुड़ाने के लिए गोली चलाई और गोली आरोपी (रोहित आर्य) को लगी, जिससे वह घायल हो गया और बाद में उसकी मौत हो गई।’

ऑडिशन के नाम पर रचा था पूरा खेल

पुलिस सूत्रों के अनुसार, रोहित आर्य ने पूरी प्लानिंग के साथ अलग-अलग जगहों से अभिभावकों को बुलाया। उसने बताया था कि फिल्म का ऑडिशन चल रहा है। एक परिवार ने नाम न बताने की शर्त पर कहा कि उनके परिवार से 3 लोग कोल्हापुर से बच्चे को लेकर मुंबई आए थे। वे रिश्तेदार के पास रुके थे और ऑडिशन के लिए आए थे। ऑडिशन तीन दिन का बताया गया था। कुछ राउंड के बाद जब वे वापस जाने लगे तो रोहित ने अपील की कि एक दिन और रुक जाएं। गुरुवार की दोपहर घटना शुरू होने से पहले रोहित ने बच्चों को एक तरफ कर लिया और खुद को बंद कर लिया। पूरी प्लानिंग के बाद उसने एक वीडियो शूट किया और मीडियाकर्मियों को भेज दिया।

केसरकर से बात करने की हुई कोशिश

बच्चों को किडनैप करने के बाद आरोपी ने अपना वीडियो वहां मौजूद अभिभावकों को दिया और कहा, ‘इसे शेयर करो।” किडनैपिंग की बात सुनकर अभिभावक डर गए। सोसाइटी में हड़कंप मच गया। दोपहर करीब 1:30 बजे सोसाइटी का एक सदस्य पुलिस स्टेशन पहुंचा और पूरा घटनाक्रम बताया। पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची। करीब घंटेभर पुलिस और आरोपी के बीच फोन पर बातचीत हुई। शुरू में आरोपी पुलिस की बात सुन रहा था और सहयोग कर रहा था। उसने दीपक केसरकर का मामला भी पुलिस को बताया। पुलिस ने कहा, ‘अगर आप चाहें तो मैं आपकी बात दीपक केसरकर से करवाता हूं।’ पुलिस ने दीपक केसरकर को फोन किया, लेकिन व्यस्तता की वजह से उन्होंने फोन नहीं उठाया।

रोहित को लगी API अमोल की गोली

घंटेभर बाद आरोपी ने रिस्पॉन्ड करना बंद कर दिया। उसने पुलिस ने कहा, ‘मुझे तुम पर भरोसा नहीं है।’ जब आरोपी नहीं माना तो पुलिस की एक टीम बाथरूम के रास्ते स्टूडियो में दाखिल हुई। आरोपी ने बच्चों को दो ग्रुप में बांटा था। कुछ बच्चों को एक कमरे में बंद कर रखा था और कुछ को अपने पास रखा था। जैसे ही टीम अंदर दाखिल हुई, हड़कंप मच गया। सबसे आगे एपीआई अमोल वाघमारे सिविल ड्रेस में थे। सिविल ड्रेस की वजह से आरोपी उन्हें पहचान नहीं पाया। आरोपी रोहित आर्य ने पूछा, ‘तुम कौन हो, अंदर कैसे आए?’ और वह अपने बैग की तरफ कुछ निकालने के लिए झुका। इतने में एपीआई अमोल ने रोहित आर्य के सीने पर एक राउंड फायर कर दिया, जिससे वह घायल हो गया और बाद में अस्पताल में उसकी मौत हो गई।

मुंबई के चेम्बूर में था रोहित का ठिकाना

रोहित आर्य मुंबई के चेम्बूर इलाके में अन्नपूर्णा सोसाइटी में रह रहा था। इस सोसाइटी में उसकी बहन प्रीति घरे का नौवीं मंजिल पर फ्लैट है। उसकी बहन और परिवार विदेश में रहता है, इसलिए फ्लैट खाली था। रोहित कभी-कभी यहां रहने आता था। चार दिन पहले रविवार से वह यहीं रह रहा था। आज सुबह यहीं से पवई निकला था। पुलिस की एक टीम इस सोसाइटी में भी आई है और पूछताछ व जांच कर रही है।

‘सभी बच्चों को सुरक्षित निकाल लिया गया’

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि यह मामला एक अनोखे तरीके से सामने आया है। उन्होंने कहा, ‘आरोपी ने 17 बच्चों को अलग कारण से बुलाकर अगवा करके धमकी देने का काम किया, उनकी जान को खतरे में डालने का काम किया। मुंबई पुलिस ने बेहतरीन काम करते हुए सटीक कार्रवाई की। आरोपी की मृत्यु हो गई है। सभी 17 बच्चों को एक खरोंच तक नहीं आने दी गई, और सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।’

Related Post

टीम इंडिया के स्टार प्लेयर की होने जा रही है वापसी, इस टूर्नामेंट में खेलता आएगा नजर

Posted by - November 13, 2025 0
एशिया कप के दौरान चोटिल हुए हार्दिक पांड्या अब वापसी के लिए तैयार नजर आ रहे हैं। वे सैयद मुश्ताक…

13 जून तक उत्तर भारत में बारिश के आसार, MP-बिहार में ऑरेंज अलर्ट, यूपी-राजस्थान में लू का खतरा

Posted by - June 11, 2026 0
देश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार…

DIBD-DIC Recruitment 2026: 50 हजार रुपये सैलरी वाली यंग प्रोफेशनल भर्ती, नोएडा में नौकरी का मौका, 8 पदों पर आवेदन शुरू

Posted by - August 7, 2026 0
इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (MeitY) के तहत कार्यरत डिजिटल इंडिया कॉर्पोरेशन (DIC) के डिजिटल इंडिया भाषिनी डिवीजन (DIBD) ने…

पाकिस्तान से आए हथियारों से देश में बड़े हमले की थी तैयारी, गुजरात ATS ने दबोचा एक और संदिग्ध

Posted by - November 15, 2025 0
अहमदाबाद। देश में आतंकी साजिश रचने वाले कई संदिग्धों पर शिकंजा कसने के बाद गुजरात एटीएस ने एक और व्यक्ति को…

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *